बलरामपुर- 'एक पेड़ मां के नाम' वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा तुलसी पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के निर्माण तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल वृक्ष लगाने तक सीमित नहीं है,बल्कि यह अपनी मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायी जन आंदोलन है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे,तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा,जिला मीडिया प्रभारी डी.पी.सिंह 'बैस',राजाराम गौतम,संदीप उपाध्याय,अंशुमाली भारतवंशी,आलोक पांडेय,सौरभ तुलस्यान,हिमांशु शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संदेश दिया।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने