अम्बेडकर नगर 
बसखारी-जलालपुर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार टेम्पो के अनियंत्रित होकर पलटने से एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
क्या है मामला :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज क्षेत्र से आए श्रद्धालु टेम्पो से किछौछा दरगाह से जलालपुर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही टेम्पो बसखारी-जलालपुर मार्ग पर नंदापुर मोड़ के पास पहुंचा, अचानक वह अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, जिससे उसका वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते टेम्पो पलटी खाते हुए सड़क किनारे जा गिरा।

राहत-बचाव में जुटे ग्रामीण :
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।  लोगों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और डायल 112 व एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को टेम्पो से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी नगपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग जुनैद (निवासी च्युटहरा, थाना लालगंज, जनपद आजमगढ़) को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है, जबकि बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।


सूचना मिलते ही कोतवाल अजय प्रताप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।


स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही पर रोष जताया और प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और मोबाइल पर बात करने जैसी लापरवाहियों के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिन पर अंकुश लगाना जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने