गोविंद साहब मठ से मुख्यमंत्री योगी का विकास और विरासत का संदेश, पूर्वांचल साधने की कोशिश

 

लाभार्थी को चेक सौंपते मुख्यमंत्री 

जलालपुर (अंबेडकर नगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बहुप्रतीक्षित गोविंद साहब दौरा शुक्रवार को विकास, आस्था और राजनीति का बड़ा केंद्र बन गया। मुख्यमंत्री ने लगभग 706 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की घोषणा कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और निवेश के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं समाजवादी पार्टी पर पेपर लीक, दंगों और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला।


मुख्यमंत्री का स्वागत करती डीएम व एसपी 


मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गोविंद साहब पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने गोविंद साहब मठ में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद जनसभा स्थल पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मंच पर मुख्यमंत्री को त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत के दौरान पूरा पंडाल 'जय श्रीराम', 'हर हर महादेव' और 'योगी-योगी' के नारों से गूंज उठा।


मंच पर दिखी भाजपा और सहयोगी दलों की ताकत


 मंच पर आसीन भाजपा तथा सहयोगी दलों के नेता 


मुख्यमंत्री के साथ मंच पर प्रदेश सरकार के पंचायतीराज एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, विधायक अनीता कमल, विधायक संजू देवी, विधायक जयराज विमल, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रमाशंकर सिंह, ज्ञान सागर सिंह, कपिल देव वर्मा, मिथिलेश त्रिपाठी, सुभासपा के जिलाध्यक्ष जगलाल राजभर, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय निषाद, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहित भाजपा एवं सहयोगी दलों के अनेक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


706 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास



 परियोजनाओं का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री योगी 


मुख्यमंत्री ने अंबेडकरनगर समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए लगभग 706 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और हर जिले को आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।


गोविंद साहब मेले को मिला राजकीय मेले का दर्जा


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गोविंद साहब की तपोस्थली प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। सरकार इसके संरक्षण और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। घोषणा के साथ ही पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।


विपक्ष पर साधा निशाना


जनसभा को सम्बोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश दंगों, पेपर लीक और अपराध के लिए जाना जाता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश, विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है।


रितेश और हरिओम पांडेय ने रखीं विकास की मांगें


कार्यक्रम में पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने मुख्यमंत्री के समक्ष जलालपुर बाईपास, चौधरी घाट मार्ग के पक्कीकरण तथा क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग रखी। वहीं विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे ने टेक्सटाइल पार्क, गोविंद साहब कॉरिडोर, औद्योगिक विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।


भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उमड़ी भीड़


जनसभा में उमड़ी भीड़ 


मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही व्यवस्था संभाले रहे। अंबेडकरनगर के साथ-साथ आजमगढ़ और संत कबीरनगर से भी बड़ी संख्या में लोग जनसभा में पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


 मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं


* गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले का दर्जा।

* लगभग 706 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास।

* धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा।

* क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विकास को गति देने का आश्वासन।

* प्रदेश में सुशासन, निवेश और रोजगार आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता।


मुख्यमंत्री का यह दौरा अंबेडकरनगर की राजनीति और विकास दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोविंद साहब मेले को राजकीय दर्जा मिलने से क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों पर अब लोगों की निगाहें सरकार के आगामी निर्णयों पर टिकी हैं।


       Author 

जीवन 









Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने