![]() |
| चंद्र को अर्घ्य देती सुहागिन |
जलालपुर, अंबेडकरनगर। अर्नब तूफान के प्रभाव और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के चलते आसमान में दिनभर बादलों का डेरा रहा। मौसम की बेरुखी ने करवा चौथ के पर्व पर सुहागिनों के उत्साह के साथ उनके इंतजार को भी बढ़ा दिया। सोलह शृंगार कर निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं देर रात तक चंद्रमा के दीदार के लिए आसमान की ओर एकटक निहारती रहीं।
![]() |
| चन्द्रमा को अर्घ्य दे पति मेजर केपी सिंह का चलनी से दीदार करती उनकी पत्नी |
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से चांद निकलने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। सुहागिनें पूजा की थाली सजाकर चंद्रमा के उदय होने का इंतजार करती रहीं। मौसम की आंखमिचौली के बीच महिलाओं की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोलने की परंपरा के चलते उनका इंतजार लंबा होता चला गया।
![]() |
| पूजा की थाली सजाकर सपत्नीक चंद्र दर्शन का इंतजार करते लेफ्टिनेंट जयप्रकाश |
दिनभर कठिन निर्जला व्रत रखने के बाद आखिरकार रात करीब नौ बजे सुहागिनों को चंद्रमा के दर्शन हुए। चांद निकलते ही महिलाओं के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य दिया और छलनी की ओट से पहले चंद्रमा और फिर पति का दीदार किया। इसके बाद पति की आरती उतारकर उनके हाथों से जल ग्रहण किया और व्रत का पारण किया।
टेक्नोलॉजी ने घटाई दूरियां, विडिओ कॉल पर उतारी आरती
वहीं, नौकरी या अन्य कारणों से घर से दूर रह रहे पतियों ने वीडियो कॉलिंग के जरिए पत्नी को व्रत का पारण कराया। आधुनिक तकनीक ने दूरियों के बावजूद इस पारंपरिक पर्व की खुशियों को बरकरार रखा। दिनभर की तपस्या और लंबे इंतजार के बाद चंद्र दर्शन होने पर महिलाओं में खुशी और उत्साह देखने को मिला।
करवा चौथ की पौराणिक मान्यता और प्राचीन परंपरा
करवा चौथ का पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस व्रत का संबंध पति की दीर्घायु, सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की मंगलकामना से जुड़ा है। इस पर्व को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। इनमें वीरवती की कथा प्रमुख है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, वीरवती ने अपने पति की लंबी आयु के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। व्रत के दौरान चंद्रमा के उदय से पहले ही भोजन कर लेने के कारण उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बाद में विधि-विधान से व्रत पूरा करने और देवी-देवताओं की कृपा से उनके पति को पुनः जीवन प्राप्त हुआ।
एक अन्य प्रचलित धार्मिक कथा में पतिव्रता करवा का उल्लेख मिलता है, जिन्होंने अपने सतीत्व और दृढ़ संकल्प के बल पर अपने पति की रक्षा की थी। वहीं महाभारत की परंपरा में भी द्रौपदी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के परामर्श से अर्जुन की मंगलकामना के लिए व्रत करने का प्रसंग सुनाया जाता है।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से करवा चौथ की परंपरा उत्तर भारत के ग्रामीण समाज में विशेष रूप से प्रचलित रही है। कृषि प्रधान समाज में रबी की बुवाई के समय मनाए जाने वाले इस पर्व को महिलाओं के सामूहिक मेल-मिलाप और पारिवारिक मंगलकामना से भी जोड़ा जाता है। समय के साथ यह पर्व सुहाग, प्रेम, विश्वास और दांपत्य संबंधों की मजबूती के प्रतीक के रूप में स्थापित हो गया।
Author
![]() |
| Jeevan |




एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know