अधिवक्ता पुत्रों ने एक बार फिर रचा सफलता का इतिहास, अंशुमान तिवारी बने सीबीआई में लोक अभियोजक, बड़े भाई आशुतोष तिवारी का बिहार में डिप्टी एसपी पद पर चयन
भदोही। डीघ ब्लॉक के बड़ागांव ग्राम निवासी अधिवक्ता विजय नारायण तिवारी के पुत्र एवं स्वर्गीय हरिमूर्ति तिवारी (तार बाबू) के पौत्र अंशुमान तिवारी ने एक और बड़ी सफलता हासिल कर परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग, धौलपुर हाउस, नई दिल्ली द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए उनका चयन पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (लोक अभियोजक), सीबीआई यानी केंद्रीय जांच ब्यूरो के पद पर हुआ है।
अंशुमान तिवारी ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में दूसरी रैंक प्राप्त की है। वर्तमान में वह भारत सरकार के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में लीगल एडवाइजर के पद पर कोलकाता में कार्यरत हैं।
सीबीआई लोक अभियोजक परीक्षा विधि सेवा के क्षेत्र की अत्यंत कठिन एवं प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल मानी जाती है। चयनित अभ्यर्थी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का प्रतिनिधित्व करते हुए महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों में अभियोजन की जिम्मेदारी निभाते हैं।
वहीं अंशुमान तिवारी के बड़े भाई आशुतोष तिवारी भी लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित वर्ष 2024 की पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रयागराज में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यभार संभाला है। इसके साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित 70वीं संयुक्त परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उनका चयन डिप्टी एसपी पद पर भी हुआ है।
दोनों सगे भाइयों अंशुमान तिवारी और आशुतोष तिवारी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दोनों भाइयों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, गुरुजनों, शुभचिंतकों के आशीर्वाद तथा अपनी कड़ी मेहनत को दिया है

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know