![]() |
| जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय |
जलालपुर अंबेडकरनगर। दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय के नाम की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नति के लिए कॉलेजियम की ओर से सिफारिश किए जाने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव मुस्कुराई से लेकर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। शुभचिंतकों और परिचितों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय समेत गुजरात और तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के नाम की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की है। नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय का जन्म 16 जून 1965 को अंबेडकरनगर जिले के मुस्कुराई गांव में हुआ था। उन्होंने लखनऊ के काल्विन तालुकदार कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की और वर्ष 1991 में लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। 11 मई 1991 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराने के बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में वकालत शुरू की। शुरुआत में उन्होंने अपने पिता आरए उपाध्याय के साथ काम किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद आरिफ खान और एसके कालिया के साथ भी वकालत की।
न्यायमूर्ति उपाध्याय मई 2007 में उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता नियुक्त हुए और इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश बनने तक इस पद पर रहे। 21 नवंबर 2011 को उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। छह अगस्त 2013 को वे स्थायी न्यायाधीश बने। 28 मार्च 2023 को उन्हें लखनऊ पीठ का वरिष्ठ न्यायाधीश बनाया गया। इसके बाद 29 जुलाई 2023 को उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली और 21 जनवरी 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला।
न्यायमूर्ति उपाध्याय के सुप्रीम कोर्ट में संभावित पदोन्नति की खबर से जिले में उनके परिचितों और शुभचिंतकों में उत्साह है। सुरेंद्र देव पांडेय, सुनील कुमार मिश्र, भाजपा नेता डॉ. मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, सपा नेता डॉ. राजेश सिंह, सिद्धार्थ मिश्र, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा संजीव मिश्रा, एडीओ पंकज शुक्ल, संत प्रसाद पांडेय समेत अन्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
Author
![]() |
| जीवन |


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know