लखनऊ: यूपी में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी पूरी, IAS-IPS की तबादला सूची कभी भी हो सकती है जारी



लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम कुछ सीनियर आईएएस अधिकारियों को अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर बुलाकर तबादलों पर विस्तार से चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि आज शाम करीब 6 बजे ACS स्तर के कई वरिष्ठ आईएएस अफसर सीएम आवास पहुंचे। बैठक में 2 वरिष्ठ IPS अधिकारी भी मौजूद रहे। लगभग 2 घंटे तक चली इस बैठक में IAS और IPS अधिकारियों की नई तबादला सूची पर मंथन हुआ।

एक हफ्ते से होल्ड थी लिस्ट

बताया जा रहा है कि तबादलों की यह कवायद एक हफ्ते पहले ही पूरी हो जानी थी, लेकिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के कारण इसे रोक दिया गया था। अब आंदोलन खत्म होने के बाद सरकार ने प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री आज पूरे दिन लखनऊ में ही मौजूद हैं।

कभी भी जारी हो सकती है सूची

सूत्रों के अनुसार तबादला सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसमें कई जिलों के DM, कमिश्नर, प्रमुख सचिव, सचिव स्तर के IAS और जिलों के SP, DIG, IG स्तर के IPS अफसरों के नाम शामिल हैं। सूची किसी भी समय जारी की जा सकती है।

योगी सरकार बीते कुछ महीनों से लगातार प्रशासनिक फेरबदल कर रही है। अप्रैल में 40 IAS और 12 IPS के एक साथ तबादले किए गए थे, जिनमें 15 जिलों के DM भी बदले गए थे। अब एक बार फिर बड़े पैमाने पर बदलाव की उम्मीद है।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। सूची जारी होते ही जिन अफसरों की तैनाती बदलेगी उनकी जिम्मेदारियां भी तय हो जाएंगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने