डायरेक्टर व प्रिंसिपल ने किया विज्ञानं प्रदर्शनी का उद्घाटन, 65वीं बटालियन के कमान अधिकारी ने अवलोकन कर प्रतिभागियों के नवाचारों को सराहा

 विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करते लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सूद 


जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर के प्रतिष्ठित रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय के विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित, कंप्यूटर एवं कला विभाग के शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने जनसामान्य की समस्याओं से जुड़े विभिन्न उपयोगी एवं नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत किए।


प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर गौरव कुमार एवं प्रधानाचार्य अखिलेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि के रूप में 65 यूपी एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सूद उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनसे मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।


प्रदर्शनी में पावर ग्रिड का 3डी मॉडल, मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इंफ्रारेड सेंसर आधारित स्वचालित रेलवे फाटक, सौर ऊर्जा की सहायता से समुद्री जल को वाष्पित कर पेयजल में परिवर्तित करने की तकनीक तथा हाइड्रोजन आधारित कार्बन क्रेडिट सिस्टम समेत कई आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए। 

 अकबरपुर फ्लाईओवर को दुर्घटना मुक्त बनाने हेतु छात्रों द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित मॉडल 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रशंसित रोड सेफ्टी मॉडल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा जिसमें अंबेडकर नगर से गुजरने वाले फ्लाई ओवर के ब्लाइंड पॉइंट पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने हेतु सेंसर तथा ट्रैफिक लाइट आधारित मॉडल तथा दुर्घटना की स्थिति में गाड़ियों की गति रोकने हेतु स्पेशल सेंड जोन प्राथमिक सहायता केंद्र प्रदर्शित किया गया।


 कैडेट्स को सम्मानित करते 65वीं बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी 


इसके बाद कमान अधिकारी ने विद्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने एनसीसी में शामिल होने वाले नए कैडेट्स को संबोधित करते हुए एनसीसी की कार्यप्रणाली, अनुशासन और प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।


 एनसीसी कैडेट्स तथा छात्रों संग कमान अधिकारी 


कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को कमान अधिकारी ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान एएनओ जीवन प्रकाश तिवारी, दीपिका शुक्ला एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।


     Author 

Jeevan 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने