बलरामपुर- राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कल 10 अगस्त 2026 को जनपद बलरामपुर में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निर्धारित आयु वर्ग के अनुसार कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। जो बच्चे बीमारी अथवा किसी अन्य कारण से 10 अगस्त को दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित दिवस पर कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास और एकाग्रता को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनीमिया का खतरा, कमजोरी, पोषण की कमी तथा शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कृमि नियंत्रण से बच्चों की एकाग्रता, स्कूल में उपस्थिति, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाने में मदद मिलती है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए दवा के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। बच्चों को शौच के बाद और भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पीने, फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाने, नाखून छोटे और साफ रखने, खुले में शौच न करने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने अभिभावकों से अपील की कि 10 अगस्त को कोई बच्चा दवा लेने से छूट जाए तो 14 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर उसे कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know