गोंडा, उत्तर प्रदेश- पिछले लगभग दो वर्षों से निरंतर बेसहारा, निराश्रित, चोटिल एवं घायल गोवंश की सेवा, सुरक्षा और उपचार के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही जगत गौ सेवा कल्याणकारी संस्थान ने अब गोवंश संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करने का संकल्प लिया है। संस्था ने निर्णय लिया है कि संस्था द्वारा एक ऐसे गौ आश्रय का निर्माण कराया जाएगा, जहाँ बेसहारा, घायल, जख्मी एवं बीमार गोवंश को सुरक्षित आश्रय के साथ उचित देखभाल और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
संस्था का उद्देश्य केवल गोवंश को आश्रय देना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर जीवन देना है। प्रस्तावित गौ आश्रय में घायल एवं बीमार गायों के लिए उपचार, दवाइयों, पशु चिकित्सकीय देखभाल, पौष्टिक आहार, हरे चारे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सड़क पर दुर्घटनाओं एवं बीमारियों से पीड़ित गोवंश को समय पर सहायता मिल सके।
संस्था के अध्यक्ष युगांक उमंग मिश्रा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गोवंश की सेवा के दौरान तथा विभिन्न सरकारी गौशालाओं का निरीक्षण एवं भ्रमण करने पर कई स्थानों पर व्यवस्थाओं से जुड़ी गंभीर कमियाँ देखने और शिकायतें सुनने को मिली हैं। कुछ स्थानों पर घायल एवं बीमार गोवंश के समुचित उपचार, पर्याप्त हरे चारे और नियमित देखभाल की आवश्यकता महसूस हुई है। हालांकि सभी सरकारी गौशालाओं की स्थिति एक जैसी नहीं है, लेकिन जहाँ भी व्यवस्थाओं में कमी है, उसमें सुधार होना बेहद जरूरी है,
उन्होंने कहा कि गौवंश केवल हमारी आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। जब कोई बेसहारा गाय सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी होती है और उसे उपचार एवं भोजन नहीं मिल पाता, तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए संस्था ने अपना स्वयं का गौ आश्रय स्थापित करने का संकल्प लिया है, जहाँ सेवा और उपचार को प्राथमिकता दी जाएगी,
कोषाध्यक्ष योगेश प्रताप शुक्ला ने आम जनमानस, गौभक्तों, समाजसेवियों, व्यापारियों, दानदाताओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। गौ आश्रय का निर्माण जनसहयोग से ही संभव होगा। इसलिए सभी लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग अथवा निर्माण सामग्री जैसे ईंट, सीमेंट, सरिया, बालू, गिट्टी, टीन शेड एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें,
उन्होंने आगे कहा कि हमारा संकल्प है कि कोई भी बेसहारा, घायल या पीड़ित गोवंश इलाज और आश्रय के अभाव में कष्ट न सहे। यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि असहाय गोवंश के लिए जीवन, सुरक्षा और सम्मान की नई उम्मीद तैयार करने का प्रयास है।
महामंत्री अभय प्रबल उपाध्याय ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों एवं आम नागरिकों से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। क्योंकि गौ सेवा केवल शब्दों या भावनाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे धरातल पर उतारना ही सच्ची सेवा है।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know