जलालपुर में सपा की पीडीए पंचायत, नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना; बूथ मजबूत करने का दिया मंत्र
जलालपुर, अंबेडकरनगर। समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को कस्बे के मुलायम सिंह यादव महिला महाविद्यालय में आयोजित पीडीए पंचायत में पार्टी नेताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता ही प्रदेश की राजनीति की दिशा तय करेगी।
निर्धारित समय से लगभग आधे घंटे की देरी से शुरू हुए कार्यक्रम में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि वंचित एवं उपेक्षित वर्गों की आवाज को मजबूत करने के लिए पीडीए की अवधारणा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता, पेपर लीक, स्मार्ट मीटर और सरकारी अधिकारियों की मनमानी जैसे मुद्दों से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
पंचायत में वक्ताओं ने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, बुनकरों की बदहाली और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
सांसद लालजी वर्मा ने विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक मतदाता सरकार चुनते थे, लेकिन अब सरकार ही मतदाता चुनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और संविधान की मूल भावना पर प्रहार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व चेयरमैन कमर हयात ने पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कार्यकाल में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को याद करते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कराए गए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हतोत्साहित न होने और अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाने की अपील की।
अपने संबोधन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बूथ मैनेजमेंट को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कमर कसकर तैयार हो जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाकर अधिक से अधिक मतदाताओं को समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करे। संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर की मजबूती को चुनावी सफलता का आधार बताते हुए उन्होंने कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।
पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव यासिर हयात प्रदेश महासचिव अनीसुर रहमान, डॉ अभिषेक सिंह, विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सिद्धार्थ मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, पुण्डरी गौतम, अलोक यादव, महिला सभा की अध्यक्ष सीमा यादव, किन्नर सभा की प्रदेश सचिव पिंकी सिंह, राम प्रताप यादव, हीरा पहलवान, आफताब अहमद, डॉ. राजेश सिंह, नदीम अंसारी, अंकुश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन केशव राम पटेल ने किया। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
Author
![]() |
| Jeevan_Mayank |







एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know