जलालपुर, अंबेडकरनगर
शासन की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत रविवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने कोतवाली परिसर में पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव सहित कोतवाली के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पौधों को सुरक्षित रखने तथा उनके नियमित संरक्षण का भी संकल्प लिया।क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी एक प्रेरणादायक माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि लगाए गए पौधों की उचित देखभाल की जाए, तभी वे विकसित होकर पर्यावरण को शुद्ध बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों से पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know