साढ़े तीन हजार से अधिक की आबादी वाले वार्ड संख्या 01 गांधी नगर में समस्याओं का लगा अंबार, 

टूटी सड़कें, क्षतिग्रस्त नालियां, खराब हैंडपंप वार्ड के विकास कार्यों की खोल रहे पोल


उतरौला( बलरामपुर)
साढ़े तीन हजार से अधिक की आबादी वाले वार्ड संख्या 01 गांधी नगर में समस्याओं का अंबार लगा है। टूटी सड़कें, क्षतिग्रस्त नालियां, खराब हैंडपंप वार्ड की बदहाल स्थिति का बयान खुद कर रही हैं। मुख्य राजमार्ग के बगल बने नाले का आस्तित्व खत्म होने के कारण जरा सी बरसात में गोंडा मोड़ से दुखहरण नाथ मंदिर के मोड़ की सड़क पर कीचड़ व जलजमाव की स्थिति पैदा हो जाती है।


 वार्ड के दलित बस्ती में माया देवी के घर के सामने लगा हैंडपंप खराब है। गोंडा मोड़ से अंबेडकर चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग पर ईदगाह मोड़ तक की नाली पूरी तरह मलबे से पटी हुई है। वार्डवासी मोल्हू राम का कहना है कि दलित बस्ती में सफाई की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। पूरे वार्ड में कहीं भी डस्टबिन न होने के कारण घरों से निकला कूड़ा जगह-जगह एकत्र रहता है। सुधीर कुमार का कहना है कि गोंडा मोड़ पुल को जाने वाला नाला टूट चुका है। नाली में बहने वाला पानी टूटी नाली के कारण अक्सर सड़क पर बहता रहता है। अरविंद कुमार का कहना है कि वार्ड में अपमार्जित जल की निकासी की व्यवस्था पूरी तरह बदतर है। घरों से निकलने वाले गंदे पानी के बहाव की ठोस व्यवस्था नही है। बरसात में जलनिकासी न होने के कारण गंदा पानी घरों में एकत्र रहता है जिससे दुर्गंध के साथ विषाणुओं का खतरा बढ़ जाता है। दुर्गेश कुमार का कहना है कि करबला के सामने से ईदगाह को जाने वाली इंटरलॉकिंग सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। गोंडा मोड़ से फक्कड़ दास चौराहे तक जाने वाले गोंडा राजमार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। वार्ड में समस्याओं का अंबार है लेकिन जिम्मेदार पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।
एसडीएम संतोष ओझा का कहना है कि वर्तमान समय में बोर्ड सक्रिय नहीं है। वार्ड की समस्याओं के निराकरण के लिए सफाई लिपिक, जलकल लिपिक को भेजकर स्थिति का आकलन कराया जाएगा। जहां डस्टबिन की आवश्यकता होगी उसे रखने के लिए कर्मचारियों को आदेश दिया जाएगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने