जलालपुर, अंबेडकरनगर।

शादी का माहौल था, बैंड-बाजे की धुन थी, लेकिन जैसे ही जेवरों की चमक पर शक की परत चढ़ी, खुशियों का रंग फीका पड़ गया। कटका थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब चढ़ावे में दिए गए जेवर नकली होने का शक पैदा हुआ।


बताया जाता है कि बारात धूमधाम से पहुंची और रस्में भी पूरे उत्साह से शुरू हुईं। लेकिन मंडप में जैसे ही पंडित ने चढ़ावे के जेवर मांगे, मामला धीरे-धीरे “चमक” से “शक” में बदल गया। महिलाओं ने जब जेवरों को करीब से देखा, तो उनमें खामी नजर आई और नकली होने का संदेह गहराने लगा।


इसके बाद शादी का माहौल बहस और हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला तब और उलझ गया जब दोनों पक्षों के अलग-अलग जाति से संबंधित होने की बात सामने आई। नाराज वधू पक्ष ने कुछ बारातियों को बंधक बना लिया।


सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाया। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत चालान कर दिया।


इसी अफरा-तफरी के बीच दूल्हे के पिता पर करीब तीन लाख रुपये के गहने लेकर मौके से फरार होने का आरोप भी लगाया गया। घटना के बाद बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।


बताया जा रहा है कि जल्दबाजी में तय हुई इस शादी में मध्यस्थ की भूमिका भी रही, जहां समय रहते बड़ा धोखा सामने आ गया और विवाह टल गया।


     Author 

जीवन 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने