अवैध खनन की शिकायत करना पत्रकार को पड़ा भारी, दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी
बहराइच। जिले के कैसरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत हुजूरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसंतपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अवैध खनन की शिकायत करना एक पत्रकार के लिए भारी पड़ गया। शिकायत करने के बाद दबंगों ने न सिर्फ घर पर चढ़कर हमला करने की कोशिश की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित पत्रकार अरुणेन्द्र प्रताप सिंह के अनुसार, उन्होंने 1 मई की शाम को क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी थी। इसके अगले ही दिन 2 मई 2026 की सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच करीब 20 की संख्या में दबंग उनके घर पर आ धमके। आरोप है कि संतोष सिंह, राजेश सिंह, निरंजन सिंह, संजय सिंह समेत अन्य अज्ञात लोग लाठी-डंडों से लैस थे और पत्रकार को घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब दबंगों ने पत्रकार को पकड़कर मारने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़ित ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर घर पर रॉटविलर नस्ल के कुत्ते पाल रखे हैं। जैसे ही कुत्ते दबंगों की ओर दौड़े, हमलावर पीछे हट गए और मौके से भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने कुत्तों को भी मार डालने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने थाना हुजूरपुर में प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की शिकायत की है और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है। क्या पत्रकार की शिकायत पर सख्त कदम उठाए जाएंगे या फिर मामला अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know