जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य, दुर्घटना स्थलों के ऑडिट, निर्माणाधीन सड़क एवं सेतु परियोजनाओं में सुरक्षा व्यवस्था, स्कूल वाहनों की सुरक्षा तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु दुर्घटना संभावित स्थलों पर ठोस सुधारात्मक कार्रवाई किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देशित किया कि जनपद में होने वाली सभी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के स्थलों का ऑडिट कराया जाए और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का तकनीकी विश्लेषण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से ऐसे सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट, जहां सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई है, उनका संबंधित विभागों की संयुक्त टीम से पुनः स्थलीय परीक्षण कराया जाए। परीक्षण के दौरान सड़क की बनावट, मोड़, दृश्यता, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर/रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों का परीक्षण करते हुए कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहे पर यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन ओवरब्रिज की समीक्षा करते हुए उन्होंने सेतु निगम को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान ओवरब्रिज के दोनों ओर सुगम एवं सुरक्षित सर्विस रोड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो तथा ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके। निर्माण कार्य के कारण यातायात बाधित होने अथवा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक एवं रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने फुलवरिया चौराहे पर भी सड़क सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि दुर्घटना संभावित चौराहों एवं मार्गों पर केवल संकेतक लगाकर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि दुर्घटनाओं के कारणों का समाधान करने वाली प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्कूल बसों में अटेंडेंट की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मानकों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग नियमित जांच करते हुए स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित राहगीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि घायलों की मदद करने वाले व्यक्तियों को शासन की व्यवस्था के अंतर्गत ₹25 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान किए जाने संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे आमजन सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आएं।
उन्होंने दुर्घटना में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र अस्पतालों को सम्मिलित किए जाने की कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को निकटतम स्तर पर शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से संबंधित सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी सड़क निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। जहां कहीं भी निर्माण कार्य संचालित है, वहां सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन संकेतक, रिफ्लेक्टिव टेप, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से रहें।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा संबंधी लापरवाही के कारण आमजन को परेशानी अथवा दुर्घटना का सामना नहीं करना चाहिए। सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन, इंजीनियरिंग सुधार, जनजागरूकता एवं त्वरित चिकित्सा सहायता पर एक साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अगली बैठक में कार्रवाई की प्रगति प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश कुमार उपस्थित रहें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know