बलरामपुर- "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" योजना के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में बालिकाओं के सम्मान, पहचान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालिकाओं के नाम से घरों पर नेम प्लेट लगाए जाने के कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को सब्जी मंडी वार्ड, बलरामपुर से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस पहल का उद्देश्य बेटियों को परिवार और समाज में समान पहचान एवं सम्मान दिलाने के साथ-साथ उनके प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर वार्ड सभासद आनंद गुप्ता तथा महिला कल्याण विभाग के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर विशाल गुप्ता सहित कार्यालय स्टाफ अजय कुमार गौतम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के नाम से नेम प्लेट लगाए जाने की पहल को समाज में बेटियों की भागीदारी, सम्मान और पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। नेम प्लेट पर बालिका का नाम अंकित होने से परिवार में बेटी की पहचान को प्रमुखता मिलेगी तथा समाज में यह सकारात्मक संदेश जाएगा कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस ने कहा कि बेटी परिवार की शक्ति और समाज की आधारशिला है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा,सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा,जब समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आए और बेटियों को हर स्तर पर सम्मान एवं समान अधिकार मिले।
महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं के प्रति समाज में सम्मान और स्वाभिमान की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को बेटियों की शिक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सब्जी मंडी वार्ड से शुरू हुई यह पहल जनपद में बालिका सशक्तिकरण और लैंगिक समानता की दिशा में एक सकारात्मक संदेश देने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है।

          हिन्दी संवाद न्यूज से
            रिपोर्टर वी. संघर्ष
               बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने