26 मुकदमों का वांछित 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

मुठभेड़ में घायल आरोपी 

तमंचा, कारतूस, सोने के जेवर, नकदी और बाइक बरामद; तीन जिलों में दर्ज हैं 26 मुकदमे

जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार शाम 25 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के सोने के जेवर, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 28 अगस्त की शाम जैतपुर थाना पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब पौने छह बजे ग्राम जैतपुर स्थित एक बाग के पास पुलिस टीम का सामना एक वांछित बदमाश से हो गया। पुलिस का दावा है कि बदमाश ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के मुताबिक पप्पू जैतपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026 और 63/2026 में वांछित चल रहा था। तलाशी में उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, चोरी की एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और 1,750 रुपये नकद बरामद किए गए।



पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अंबेडकरनगर के अलावा आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराधों के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस टीम ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

संयुक्त कार्रवाई में जैतपुर थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक आदर्श सिंह, मुख्य आरक्षी उमेश यादव, आरक्षी विपिन सिंह, मुख्य आरक्षी उमेश सिंह यादव, आरक्षी अर्जुन तिवारी, आरक्षी दिव्यांश यादव, आरक्षी शिवम शाही और आरक्षी विजेन्द्र यादव शामिल रहे।



       Author

जीवन 



Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने