दबंगों द्वारा ग्राम प्रधान की शह पर जबरन मेड़ जोत लिए जाने के मामले में कारवाई कर भू राजस्व विभाग ने दो महीने बाद बँधवाई मेड़, यथास्थिति कायम


जलालपुर, अंबेडकरनगर। ग्राम प्रधान पर खेत की मेड़ जबरन जुतवाने का आरोप लगाकर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने वाली महिला को करीब दो माह बाद राहत मिली। सोमवार को राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पूर्व में कायम मेड़ को यथास्थान बंधवाते हुए खेत की स्थिति बहाल करा दी। 


मामला कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के लारपुर दक्षिण निवासी ज्ञानमती आदि और ग्राम पंचायत गौरा कमाल के ग्राम प्रधान दीपचंद यादव उर्फ लालू तथा उनके चचेरे भाई गुलाब चंद्र यादव उर्फ मट्टू यादव से जुड़ा है। ज्ञानमती पक्ष का आरोप था कि 24 जून की रात करीब आठ बजे विपक्षियों ने उनके खेत की मेड़ जुतवा दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।


दो महीने पहले जोती गई मेड़ 


पीड़िता के अनुसार 25 जून की सुबह जब वह खेत पर पहुंचीं तो मेड़ पूरी तरह जोती हुई मिली। उन्होंने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला के अनुसार लगातार शिकायतों के बावजूद मामले के समाधान में करीब दो माह का समय लग गया। मेड़ के विवाद के चलते खेत में समय से धान की फसल की बुवाई भी प्रभावित हुई।


मौके पर उपस्थित राजस्वकर्मी 


शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। निर्देश के क्रम में लेखपाल राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में खेत की पूर्व स्थिति का निरीक्षण किया गया। इसके बाद पूर्व में कायम मेड़ के स्थान के आधार पर उसे उसी स्थिति में कायम कराने की कार्रवाई कराई गई। 



इस मामले में पूर्व में खबर प्रकाशित होने के बाद आरोपी ग्राम प्रधान की ओर से मीडिया पर भी आरोप लगाए गए थे। बाद में प्रधान पक्ष ने मेड़ गलती से जुतवाए जाने की बात स्वीकार की थी। 


राजस्व कर्मियों ने स्पष्ट किया कि भूमि की सीमा, क्षेत्रफल अथवा मेड़ की स्थिति को लेकर किसी पक्ष को आपत्ति है तो वह निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत राजस्व न्यायालय में अपना पक्ष रख सकता है।


    Author

जीवन 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने