दिव्या गोस्वामी प्रकरण में पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे पीड़िता और गौरव गोस्वामी

क्राइम ब्रांच से विवेचना कराने और चौकी इंचार्ज अनुज बालियान को निलंबित करने की मांग

आगरा, 10 सितम्बर 2026।
दिव्या गोस्वामी प्रकरण को लेकर पीड़िता दिव्या गोस्वामी को साथ लेकर गौरव गोस्वामी कल 11 सितम्बर को दोपहर 12 बजे आगरा पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पुलिस कमिश्नर को दो अलग-अलग पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।

गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर किसी प्रकार की भीड़ एकत्र नहीं की जा रही है। वे पीड़िता के साथ केवल दो लोगों के रूप में शांतिपूर्ण तरीके से पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे।

पहले पत्र में मांग की जाएगी कि दिव्या गोस्वामी के मुकदमे की विवेचना मलपुरा थाने से हटाकर आगरा क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए। पत्र में पीड़िता की ओर से आशंका व्यक्त की गई है कि चौकी इंचार्ज अनुज बालियान (ककुआ चौकी) की ओर से विवेचना में लापरवाही की जा सकती है। प्रेस नोट में आरोप लगाया गया है कि पुलिस की लापरवाही के कारण पीड़िता के पिता दिनेश गोस्वामी की तहरीर पर मुकदमा चार महीने बाद दर्ज हुआ।

पीड़िता की मांग है कि मामले की विवेचना मलपुरा थाने से न कराकर आगरा क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए। पीड़िता का कहना है कि उसे क्राइम ब्रांच से न्याय मिलने का पूरा विश्वास है तथा वह चाहती है कि उसके कथित तौर पर लूटे गए माल की बरामदगी कराकर उसे वापस दिलाया जाए और मामले में नामजद आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।

वहीं, दूसरे पत्र में गौरव गोस्वामी की ओर से मांग की जाएगी कि ककुआ चौकी के चौकी इंचार्ज अनुज बालियान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध जांच बैठाई जाए। पत्र में कहा गया है कि यदि इस प्रकार के पुलिसकर्मी विभाग में बने रहेंगे तो अनेक पीड़ितों को न्याय मिलने में परेशानी हो सकती है और इससे उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस प्रशासन की छवि प्रभावित हो सकती है।

गौरव गोस्वामी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर के समक्ष दोनों पत्र प्रस्तुत कर मामले में निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने