बलरामपुर - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत गांव से लेकर शहर तक सेवा, जनकल्याण, जनभागीदारी एवं जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।अभियान के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की दिशा में हुए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों तथा देश-प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। युवा, महिला, किसान एवं वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
#जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में होगा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन#
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है। जनपद स्तर पर जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अभियान का समन्वय किया जाएगा तथा इसकी साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों का चिन्हीकरण, विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की पहचान, कार्यक्रम स्थलों का चयन, टीमों का गठन, कार्यक्रमों की समय-सारणी तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, परिवर्तनकारी स्थलों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का डेटा संकलन एवं डिजिटलीकरण किया जाएगा।
*17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ*
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ के साथ होगा। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में दिन के समय रक्तदान शिविर एवं दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की कार्ययोजना है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवार शाम 7 बजे अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
*‘मेरे सपनों का भारत’ में अपनी कल्पना को आकार देंगे बच्चे और युवा*
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत : चित्र सेवा’ के तहत शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं तथा युवाओं के साथ संवाद के माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को आगे बढ़ाया जाएगा। श्रेष्ठ प्रविष्टियों का विद्यालय, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा
*नुक्कड़ नाटकों के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी बदलाव की कहानी*
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं एवं देश-प्रदेश में आए बदलाव की कहानी को सरल, भावनात्मक एवं संगीतपूर्ण नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। कार्ययोजना के अनुसार जनपदों के लिए सांस्कृतिक टोलियों का गठन किया जाना है।
*आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’, माताओं-बच्चों को जोड़ेगा अभियान*
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता एवं बच्चों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
*‘सेवा की कहानी’ में लाभार्थी स्वयं बताएंगे कैसे बदली उनकी जिंदगी*
अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा ‘सेवा की कहानी–डिजिटल व रील अभियान’ होगा। सरकारी योजनाओं एवं जनोपयोगी परियोजनाओं से जिन लाभार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है, उनकी वास्तविक सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम से सामने लाया जाएगा।
*7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, लिया जाएगा विकसित भारत का सामूहिक संकल्प*
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित किए जाने की योजना है। इसके तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर माननीय प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण तथा ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प भी गतिविधियों में शामिल है।
*‘सेवा मेरा योगदान’ में प्रत्येक नागरिक को सेवा से जोड़ने का प्रयास*
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को सामाजिक सेवा की विभिन्न गतिविधियों में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्ति, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, नशा मुक्ति, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल हैं। नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर My Bharat Portal पर वीडियो अथवा तस्वीर अपलोड कर डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
*‘सेवा सेतु अभियान’ में एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं*
आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाने की कार्ययोजना है। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र नागरिकों के ऑन-द-स्पॉट आवेदन एवं पात्रता सत्यापन की व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य मेला भी आयोजित किया जाएगा। कार्ययोजना में पात्रता के आधार पर योजनाओं में 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा गया है।
*मानव समूह रंगोली से दिया जाएगा विकसित भारत का संदेश*
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत चिन्हित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूह रंगोली के माध्यम से प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं विकसित भारत-2047 का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कलाकारों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित किए जाने की कार्ययोजना है। *ग्राम चौपाल से सीधे जनता से लिया जाएगा फीडबैक*
अभियान के दौरान ग्रामीण स्तर पर ग्राम चौपालों का आयोजन कर आमजन से सीधा संवाद किया जाएगा तथा योजनाओं एवं विकास कार्यों को लेकर जनता से फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
इसके साथ ही जनपद में प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, अवस्थापना एवं कनेक्टिविटी, शिक्षा एवं कौशल, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायती राज एवं सुशासन तथा एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) से जुड़े परिवर्तनकारी कार्यों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा, जिससे विकास के सकारात्मक बदलावों का व्यवस्थित डेटा-बैंक तैयार हो सके।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनपद में एक माह तक सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक वातावरण तैयार किया जाएगा।
शासन की योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को उन्हीं की सफलता की कहानियों के माध्यम से सामने लाते हुए युवा, महिला, किसान, वंचित वर्ग एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know