बलरामपुर- इन्फ्लुएन्जा ए H1N1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान वायरल संक्रमण के मामलों में सावधानी बरतना जरूरी है। जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय सलाह से बीमारी की गंभीरता को कम करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि बुखार, सिरदर्द, खांसी, गले में दर्द, नाक बहना, उल्टी-दस्त तथा मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द इन्फ्लुएन्जा ए H1N1 से जुड़े प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि वे व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का ध्यान रखें, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकें तथा अस्वस्थ होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचें। परिवार के सदस्यों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को लेकर लापरवाही न बरतें। लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लें और इन्फ्लुएन्जा ए H1N1 के संबंध में सही जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know