बलरामपुर- आदर्श नगरपालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व को नगरपालिका की महिला कर्मचारियों के साथ आत्मीयता एवं भाई-बहन के स्नेह के रूप में मनाया। पहली बार आयोजित इस विशेष अवसर पर महिला कर्मचारियों ने पालिका अध्यक्ष की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने सभी महिला कर्मचारियों को नगद, मिठाई एवं साड़ी उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगरपालिका परिवार के प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है। महिला कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर रही हैं। उनके सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए ऐसे अवसरों का आयोजन आपसी संबंधों को और मजबूत करता है।
महिला कर्मचारियों ने भी पालिका अध्यक्ष द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ पर्व मनाने और उपहार भेंट करने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण आत्मीयता और भाई-बहन के स्नेह से सराबोर रहा।
इस अवसर पर प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य, नगरपालिका के अधिकारी, सभासदगण, कर्मचारी एवं महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने नगरपालिका परिवार में आपसी सौहार्द, सम्मान और अपनत्व की भावना को और मजबूत किया।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know