बलरामपुर-  आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर की सीमाओं को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने बुधवार को नगर की चारों दिशाओं में स्थित नगर सीमाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित भव्य एवं आकर्षक स्वागत द्वारों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर की सीमाओं पर निर्मित होने वाले स्वागत द्वार केवल नगर की सीमा को चिह्नित करने तक सीमित नहीं रहेंगे,बल्कि ये बलरामपुर की गौरवशाली पहचान,सांस्कृतिक विरासत,ऐतिहासिक परंपरा और विकास की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेंगे। उन्होंने कहा कि नगर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मन में बलरामपुर की विशिष्ट पहचान और समृद्ध परंपरा की एक सुंदर एवं सशक्त छवि अंकित हो,इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए स्वागत द्वारों की परिकल्पना की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वागत द्वारों को आधुनिक,आकर्षक और भव्य स्वरूप दिए जाने के साथ ही इनके निर्माण में नगर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को भी प्रमुखता दी जाएगी। इससे नगर के प्रमुख प्रवेश मार्गों की सुंदरता बढ़ेगी और बलरामपुर की एक विशिष्ट पहचान स्थापित होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बलरामपुर को स्वच्छ,सुंदर,सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप प्रदान करना नगर पालिका की प्राथमिकता और संकल्प है। नगर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी और बलरामपुर नई पहचान के साथ नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थलों की स्थिति,उपलब्ध स्थान,यातायात व्यवस्था तथा निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्तावित कार्य को बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य, जेई सिविल अविनाश यादव एवं जेई जल धर्मेंद्र गौड़ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने