बलरामपुर- पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय द्वारा जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त आईजीआरएस (IGRS) कर्मियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का उद्देश्य शासन की प्राथमिकता वाले आईजीआरएस प्रकरणों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण को सुनिश्चित करना था।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महदोय ने सभी आईजीआरएस कर्मियों को निर्देशित किया कि शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा प्राप्त जनशिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए वास्तविक तथ्यों के आधार पर आख्या प्रेषित की जाए।
शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उसकी समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा शिकायत के निस्तारण के उपरांत उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ किया जाए, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने, समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक अभिलेखों एवं साक्ष्यों का समुचित संकलन करने के निर्देश भी दिए। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
गोष्ठी के अंत में उपस्थित आईजीआरएस कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया तथा उनके प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें, जिससे जनपद बलरामपुर की आईजीआरएस रैंकिंग में निरंतर सुधार हो तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराया जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know