बलरामपुर -वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम, दशमोत्तर एवं स्नातकोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बलरामपुर श्री यशवंत मौर्या ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के अंतर्गत आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक छात्र-छात्राएं शासन के छात्रवृत्ति पोर्टल scholarship.up.gov.in पर निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के नवीनीकरण (Renewal) आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे, जबकि नए (Fresh) आवेदन 21 सितंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
इसी प्रकार उच्च कक्षाओं (दशमोत्तर एवं स्नातकोत्तर) के नवीनीकरण आवेदन 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक तथा नए आवेदन 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के उपरांत प्रत्येक छात्र-छात्रा को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी तथा आवश्यक अभिलेख अपने संबंधित शिक्षण संस्थान में अनिवार्य रूप से जमा करने होंगे। समय पर अभिलेख जमा न किए जाने की स्थिति में आवेदन निरस्त होने की संभावना रहेगी। इसलिए विद्यार्थी आवेदन करने के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा आवेदन की सभी प्रविष्टियों को सावधानीपूर्वक भरें।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिक्षण संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। संस्थान समयबद्ध ढंग से विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों एवं अभिलेखों का सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में अग्रेषित करना सुनिश्चित करें, जिससे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का अक्षरशः पालन करते हुए आवेदन प्रक्रिया समय से पूर्ण करें तथा अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें। किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन करना हितकर रहेगा।
उन्होंने बताया कि शासन की समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत पात्र छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में जनवरी 2027 के दौरान छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।

          हिन्दी संवाद न्यूज से
            रिपोर्टर वी. संघर्ष
              बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने