जलालपुर, अम्बेडकर नगर। क्षेत्र के लोगों के लिए बैंकिंग सुविधाओं के नए द्वार खुल गए हैं। यूको बैंक की नई शाखा का उद्घाटन बुधवार को मालीपुर रोड स्थित हरियाली मार्केट में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथि जलालपुर के उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता की उपस्थिति ने बढ़ाई, जिन्होंने फीता काटकर शाखा का औपचारिक शुभारंभ किया।
इससे पूर्व बैंक के शाखा प्रमुख अभिषेक कुमार पाठक ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती एवं भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। उप अंचल प्रमुख साहिल सुमन, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल और भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैंकिंग सुविधाओं का व्यापक केंद्र बनेगी नई शाखा
नई शाखा क्षेत्रवासियों के लिए वरदान साबित होगी। यहाँ खाता खोलने, डिजिटल बैंकिंग, विभिन्न प्रकार के ऋण, पेंशन एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी सभी सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। बैंक प्रशासन ने इस नई शाखा के माध्यम से क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में लोन एंड मार्केटिंग हेड अमन रंजन , सहायक शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार, मुख्य प्रबंधक अंकुर यादव, जय प्रकाश पांडेय, सौरभ सिंह, अशोक सिंह, सोनू गौड, आदित्य गोयल, शिवम आर्या, विवेक सोनी और विकाश निषाद समेत बैंक के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे। क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक इस अवसर पर पहुँचे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सभी ने यूको बैंक की इस नई पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know