बलरामपुर- विश्व कौशल दिवस पर जनपद में स्थित राजकीय आईटीआई, कटरा शंकर नगर (TTL भवन) में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। यह पहल प्रदेश सरकार की युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
रोजगार मेले में कुल 160 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 105 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 20 चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरे पर उत्साह एवं आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल, प्रशिक्षण और रोजगार का समन्वय ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का निरंतर विकास करते हुए उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद डॉ. पवन कुमार शुक्ल, मंडल अध्यक्ष बलरामपुर सोनू मिश्रा, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन मैथिली शरण, प्लेसमेंट अधिकारी आशीष भूषण, एमआईएस मैनेजर पंकज सिंह, वकील अहमद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सत्यम कुमार शुक्ल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रवि शंकर, भानु प्रताप यादव, सुरेश तथा प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। कौशल विकास मिशन द्वारा भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास निरंतर किए जाएंगे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know