बलरामपुर- उत्तर प्रदेश शासन के एक पेड़ माँ (पाटेश्वरी) के नाम अभियान के अंतर्गत माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, कोयलरा में रविवार को कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की अध्यक्षता में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में गुलमोहर, महोगनी, चंदन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि देने वाले स्थानीय किसानों ग्राम प्रधानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कोयलरा के ग्राम प्रधान मुनीर, गोपालपुर के ग्राम प्रधान स्वामीनाथ और ग्राम पंचायत सोनपुर के ग्राम प्रधान दीनदयाल सहित स्थानीय किसानों की उपस्थिति और उनकी सहभागिता ने विश्वविद्यालय और स्थानीय समाज के बीच मजबूत संवाद एवं आत्मीय संबंधों को नई मजबूती दी। कार्यक्रम में बलरामपुर चीनी मिल के प्रबंध निदेशक के.के. बाजपेयी विशिष्ट अतिथि रहे।
कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का साधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कुलसचिव परमानंद सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, बलरामपुर फर्स्ट के संस्थापक सर्वेश सिंह विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक-छात्र तथा केंद्रीय विद्यालय, बलरामपुर के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर कुलपति ने पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने