बलरामपुर- प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत रविवार को एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर के सभागार में कैशलेस कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पलटूराम, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानंद सिंह तथा एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर आगरा से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा योजना की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत सदर विधाय पल्टूराम एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने एमएलके पीजी कॉलेज सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए। इस दौरान माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा उपलब्ध कराकर आर्थिक चिंता से भी राहत प्रदान करेगी तथा वे पूर्ण मनोयोग से राष्ट्र निर्माण और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के अपने दायित्व का निर्वहन कर सकेंगे।
प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और कल्याणकारी पहल है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार, ₹1.5 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर तथा स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम बताया तथा इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान ने किया।
इस अवसर पर प्रो. अरविंद द्विवेदी, प्रो. पी.के. सिंह, प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी, प्रो. वीणा सिंह, प्रो. एस.पी. मिश्र, प्रो. तबस्सुम फरखी, प्रो. रेखा विश्वकर्मा, प्रो. राघवेंद्र, प्रो. विमल प्रकाश वर्मा, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. चंदन पाण्डेय, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. आलोक शुक्ल, डॉ. एस.के. त्रिपाठी सहित लगभग 200 शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know