प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जिले के 1805 बूथों पर सुना, डिजिटल लर्निंग कोर्स में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का प्रसारण रविवार को जनपद बलरामपुर के सभी 22 मंडलों के 1805 बूथों पर उत्साहपूर्वक सुना गया। कार्यक्रम के उपरांत भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्देशानुसार डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP) के अंतर्गत प्रशिक्षण भी कराया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सदर विधायक पलटू राम ने गौरा मंडल के गौरा त्रिकौलिया में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए प्रधानमंत्री समाज के प्रेरणादायी प्रयासों, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले लोगों की कहानियों को पूरे देश तक पहुंचाते हैं, जिससे सकारात्मक सोच और सेवा की भावना को नई ऊर्जा मिलती है। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने बनकटवा खुर्द (पतझी) स्थित बूथ संख्या-144 पर कार्यक्रम सुनने के बाद कार्यकर्ताओं का डिजिटल लर्निंग कोर्स पूर्ण कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नवाचार, जनसहभागिता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने अपने आवास कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों से प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है। यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों और अभियानों को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने लालपुर बिशुनपुर में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुनने के बाद लगभग चार दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन समय के साथ तकनीक को अपनाते हुए कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से दक्ष बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम संगठन को और अधिक सशक्त तथा आधुनिक बनाने का प्रभावी माध्यम है। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने मंडल तुलसीपुर के बूथ संख्या-400 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संबोधन समाज को नई प्रेरणा देता है तथा राष्ट्रहित के प्रति नागरिकों के दायित्व का बोध कराता है। जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने दुर्गापुर के बूथ संख्या-186 पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देने का माध्यम है। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ डिजिटल माध्यमों का भी प्रभावी उपयोग करना चाहिए। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने आदर्श नगर पालिका परिषद कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करते हुए कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री का संदेश समाज सेवा, स्वच्छता, नवाचार और जनसहभागिता की भावना को और मजबूत करता है। जिले भर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद सभी बूथों पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की डिजिटल गतिविधियों एवं प्रशिक्षण से भी जोड़ा गया।


उमेश चन्द्र तिवारी 
9129813351हिन्दी संवाद न्यूज 
बलरामपुर 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने