बलरामपुर- नव निर्माणाधीन माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय को प्रदेश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। कुलपति प्रोफेसर रविशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर विश्वविद्यालय में अतिरिक्त आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
कुलपति ने 21 जुलाई 2026 को शक्तिपीठ देवीपाटन मन्दिर में मुख्यमंत्री से भेंट की और उन्हें पत्र सौंपा। पत्र में बताया गया है कि विश्वविद्यालय परिसर में वर्तमान में प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक-ए एवं बी, फैसिलिटी सेंटर, छात्र एवं छात्राओं के हॉस्टल, कुलपति आवास, विभिन्न श्रेणी के आवास, पुलिस बूथ, सर्वेंट क्वार्टर तथा पावर हाउस सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। साथ ही 20 जुलाई 2026 से विश्वविद्यालय का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य भी निर्माणाधीन परिसर से संचालित किया जा रहा है।
पत्र में विश्वविद्यालय के प्रभावी संचालन एवं भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए चार प्रमुख परियोजनाओं के निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। इनमें लगभग 1000 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, 25 कमरों का गेस्ट हाउस, आउटडोर एवं इंडोर स्टेडियम तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन आधारभूत सुविधाओं के विकसित होने से शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं शोध गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, सम्मेलन और खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सुविधा होगी।
इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट शिक्षण एवं शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know