बलरामपुर- उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत तहसील बलरामपुर स्थित माया होटल में गरिमामय एवं भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में कुल 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया।
समारोह में 44 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, जबकि 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप कराया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सौहार्द एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर नए जीवन की शुरुआत की खुशी स्पष्ट झलक रही थी।
कार्यक्रम में विधायक सदर बलरामपुर पलटूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, माननीया जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती शुक्ला, मा० नगर पालिका परिषद बलरामपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि, विकास खंड बलरामपुर ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह कराने का अवसर प्रदान कर समाज में समानता एवं सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत कर रही है।
इस अवसर पर माननीय विधायक सदर पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक सहयोग प्रदान करते हुए उनकी बेटियों के विवाह को गरिमामय बना रही है। योजना महिला सम्मान तथा सामाजिक समावेशन को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।
माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दिया है। यह निर्णय गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा तथा उनकी आर्थिक चिंता को काफी हद तक कम करेगा।
योजना के अंतर्गत ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं, ₹21,000 की उपहार सामग्री नवदंपति को उपलब्ध कराई जाती है, जबकि ₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। विवाह एवं निकाह की सभी रस्में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं। आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता और उत्सव का अद्भुत वातावरण बना रहा।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know