रिपोर्ट शोभित अवस्थी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा, कानून-व्यवस्था, बाढ़ प्रबंधन तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा, राहत और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल और खाद्य सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कांवड़ समितियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी रखने तथा फर्जी खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्गों और प्रमुख घाटों पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्त के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण और चकबंदी से जुड़े विवादों का निष्पक्ष एवं मेरिट के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं, कोटेदारों के उत्पीड़न और ओवर बिलिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई और आवश्यक होने पर विजिलेंस जांच कराने को कहा।
बैठक में बाढ़ और कम वर्षा की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों में तीन दिनों के भीतर राहत शिविर पूरी तरह तैयार कर लिए जाएं। राहत शिविरों में बच्चों के लिए दूध एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में बड़ी नौकाओं की उपलब्धता भी रखी जाए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने, तटबंधों की लगातार पेट्रोलिंग कराने और स्थिति की नियमित रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी कार्यालय तथा संबंधित राहत एजेंसियों को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर रियल टाइम अपडेट करने और राहत, चिकित्सा व बचाव दलों को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know