जलालपुर,अम्बेडकर नगर। ईद-उल-अजहा के पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शाम पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए बड़ा कदम उठाया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ जलालपुर नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने नगरवासियों से भाईचारा, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

नगर भ्रमण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला मुख्य बाजार, संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च में एडिशनल एसपी,  उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता,सीओ अनूप कुमार सिंह, कोतवाल अजय प्रताप यादव, स्थानीय पुलिस प्रशासन के अलावा अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ शामिल हुए। अधिकारियों ने रुक-रुककर स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद स्थापित किया तथा त्योहार को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का संदेश दिया।

डीएम ने कहा, "ईद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का प्रतीक है। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।" वहीं, एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल की सक्रियता और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा की भावना प्रबल हुई। नगरवासियों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रशासन के इस व्यापक नगर भ्रमण ने साफ संदेश दे दिया है कि ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हैं.

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने