बलरामपुर- जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी द्वारा बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में आठ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी — सौरव कुमार सिंह, गीता पांडे, माधुरी मिश्रा, नीलम पांडे, अनूप तिवारी, विक्रम वर्मा, सूर्य प्रकाश जायसवाल एवं अटल श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ सहायक कोमल प्रसाद, फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव, स्टाफ नर्स बदमा देवी एवं साक्षी मिश्रा भी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
वहीं चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. बरनवाल, डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. बी.के. त्रिपाठी, डॉ. तेजवीर सिंह एवं डॉ. अनिल कुमार सिंह भी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों एवं चिकित्सकों का वेतन रोकने हेतु मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकुमार को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने वार्डों, दवा वितरण कक्ष तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस में ड्यूटी करने के निर्देश दिए तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने को कहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को बाहर से दवा या जांच लिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही अस्पताल परिसर एवं चिकित्सालय भवन में दलालों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know