जाँच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी 

जलालपुर अम्बेडकर नगर। नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और तहसील प्रशासन की कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब जांच टीम भारी पुलिस बल के साथ बाजार पहुंची। एक किराना दुकान से घी का नमूना लेने के दौरान व्यापारियों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश और नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी के नेतृत्व में टीम पकड़ियातर क्षेत्र स्थित चिरंजीव लाल घनश्याम दास गुप्ता किराना स्टोर पहुंची। यहां अनिक ब्रांड घी का सैंपल लिया गया। लेकिन कार्रवाई से ज्यादा चर्चा पुलिस फोर्स की मौजूदगी को लेकर होती रही।


कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल व पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने अधिकारियों पर सवाल दागते हुए कहा कि क्या एक घी का सैंपल लेने के लिए बाजार को छावनी में बदलना जरूरी था? व्यापारियों का आरोप था कि इस कार्रवाई से पूरे बाजार में डर और दहशत का माहौल पैदा किया गया।



विरोध बढ़ने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ने भी स्वीकार किया कि इतनी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचना जरूरी नहीं था और इससे अनावश्यक स्थिति बन गई। उन्होंने कहा कि विभाग सामान्य तरीके से भी जांच कर सकता था।


घटना के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि व्यापारियों ने साफ कहा कि यदि आगे भी जांच के नाम पर दबाव बनाने की कोशिश हुई तो वे खुलकर विरोध करेंगे।


विभाग ने घी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।


       Author 

जीवन 



Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने