रिपोर्ट शोभित अवस्थी
हरदोई से एक ऐसी खबर आई वह भी एक ऐसी कलयुगी मां की जिसने ममता शब्द को ही कलंकित कर दिया। लोकलाज के डर से या फिर बेटी होने के गुनाह में, एक मां ने अपनी दो दिन की नवजात बच्ची को तड़पने के लिए गंदे नाले में फेंक दिया। दिल दहला देने वाली यह वारदात हरदोई के शहर कोतवाली इलाके के अंबेडकर पार्क के पास का है। शुक्रवार सुबह जब नगर पालिका के कर्मचारी रोजाना की तरह नाले की सफाई कर रहे थे, तभी नाले का पत्थर हटाते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए।नाले के गंदे पानी और कीचड़ के बीच एक दो दिन की नवजात बच्ची का शव पड़ा हुआ था। जिसने भी इस मंजर को देखा, उसका कलेजा मुंह को आ गया। नाले से बच्ची का शव मिलने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोग उस बेरहम मां को कोस रहे हैं, जिसने इस मासूम को दुनिया में आते ही मौत के मुंह में धकेल दिया।घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फौरन मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर यह नवजात बच्ची किसकी थी? इसे नाले में किसने और क्यों फेंका? इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस अब हरकत में आ चुकी है। इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उस कलयुगी मां या उसके मददगारों को बेनकाब किया जा सके।पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक मासूम बेटियां इस तरह कलयुगी मां-बाप की बेरहमी का शिकार होती रहेंगी?"
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know