जनपद बलरामपुर के विकास खंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत झहौना में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन द्वारा ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामवासियों से सीधे संवाद स्थापित किया गया। ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्राम की समस्याओं का त्वरित समाधान, ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त करना तथा विकास कार्यों की स्थिति का फीडबैक प्राप्त करना रहा।
जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बच्चों के विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किए जाने, गर्भवती महिलाओं एवं बालिकाओं को नियमित रूप से पोषाहार वितरण एवं टीकाकरण, पशुओं के टीकाकरण तथा स्वयं सहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम के संपर्क मार्ग, खड़ंजा एवं चकरोट निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए मौके पर भौतिक निरीक्षण भी किया।
जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से भूमि विवाद से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त की तथा कहा कि आपसी सहमति एवं संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने मौके पर उपस्थित उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों का निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
ग्राम भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत झहौना सचिवालय में संचालित लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया। लाइब्रेरी के बेहतर संचालन एवं व्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक निहारिका की सराहना की। उन्होंने ग्राम के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा निशुल्क अध्ययन सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की लाइब्रेरी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
ग्राम चौपाल के दौरान जिला विकास अधिकारी श्री कमलेश सोनी , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, उपलिकाधिकारी श्री हेमंत गुप्ता , खंड शिक्षा अधिकारी श्री अशोक पाठक व संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know