बलरामपुर- जिला सेवायोजन कार्यालय, बलरामपुर द्वारा दिनांक 20 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा लगभग 1200 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी मीता गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेले में सिक्योरिटी सर्विसेस, केयर हेल्थ सर्विसेस, सुपरवाइजर, ब्लॉक मैनेजर सहित गैर तकनीकी पदों के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। वहीं तकनीकी क्षेत्र के पदों जैसे प्रोडक्शन मैनेजर, मशीन ऑपरेटर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर हेतु आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 वर्ष से 40 वर्ष के मध्य निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सर्वप्रथम रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर संबंधित कंपनियों में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके उपरांत निर्धारित तिथि पर रोजगार मेले में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त किए जा सकेंगे।
अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाने होंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि यह वृहद रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने