मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अन्तर्गत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरित किए
निवेशकों ने उ0प्र0 के ब्रॉण्ड एम्बेस्डर के रूप में प्रदेश की नई छवि को देश और दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया : मुख्यमंत्री
आज निर्गत किए गए अलॉटमेण्ट लेटर्स के माध्यम से प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से 15,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे
निवेशकगण समय पर निवेश कर सरकार द्वारा दिए जा रहे इन्सेन्टिव का लाभ प्राप्त करें
निवेशकगण एन0सी0आर0 से बाहर जाकर निवेश करेंगे, तो उन्हें विस्तृत उ0प्र0 देखने का अवसर प्राप्त होगा, स्थानीय स्तर पर उन्हें अच्छी मैनपावर उपलब्ध होगी
आज प्रदेश में प्रत्येक निवेशक का स्वागत होता, वह प्रदेश के विकास का सहयात्री
नये उ0प्र0 ने स्वयं को टूरिज्म, ट्रेड और इन्वेस्टमेण्ट के वर्ल्ड क्लास डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया
आज उ0प्र0 माफिया, गुण्डा, दंगा, अराजकता व कर्फ्यू से मुक्त, प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा की गारण्टी
उ0प्र0 आज रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में, एक्सप्रेस-वे का 60 प्रतिशत हिस्सा उ0प्र0 के पास, प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन
उ0प्र0 बीमारू राज्य की श्रेणी से उभरकर देश की अर्थव्यवस्था का ‘ब्रेक-थ्रू’ बना, प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा
लखनऊ : 22 मई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि निवेशकों ने उत्तर प्रदेश के ब्रॉण्ड एम्बेस्डर के रूप में प्रदेश की नई छवि को देश और दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया है। नये उत्तर प्रदेश ने स्वयं को टूरिज्म, ट्रेड और इन्वेस्टमेण्ट के वर्ल्ड क्लास डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया है। आज यमुना एक्सप्रेस-वे इण्डस्ट्रियल डेवलपमेण्ट अथॉरिटी व उसके आस-पास के क्षेत्र में जो सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं, वह नये भारत के नये उत्तर प्रदेश की तस्वीर है। यह बदलती तस्वीर प्रदेश के प्रत्येक जनपद को प्रदर्शित कर रही है। साथ ही, इस बदलाव को निवेशकगण महसूस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अन्तर्गत 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरण के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों के साथ मिलकर विकास कार्य को आगे बढ़ा रही है। जिन निवेशकों को आज अलॉटमेण्ट लेटर प्राप्त हुआ है, वह अपनी औपचारिकताओं को तेजी से पूर्ण कर ससमय अपना निवेश करें तथा सरकार द्वारा दिए जा रहे इन्सेन्टिव का लाभ प्राप्त करें। निवेशकगण उत्तर प्रदेश को भी विस्तृत रूप में देखें। आपको जनपद कुशीनगर, बलिया, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, सोनभद्र, चन्दौली, चित्रकूट, बाँदा, हमीरपुर, महोबा एवं ललितपुर आदि में भी एन0सी0आर0 का अनुभव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास के लिए सकारात्मक वातावरण बनाना पड़ता है। विकास की पहली शर्त प्रत्येक व्यक्ति को बिना भेदभाव सुरक्षा प्रदान करना है। कोई व्यक्ति असुरक्षित वातावरण में कुछ नहीं कर सकता है। उसे बिना किसी रोक-टोक व लेन-देन के एक पॉलिसी बनाकर उसे उसका लाभ व सुविधा प्राप्त हो जाए, जो आज उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस क्षेत्र के लिए आज निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरित किए गए हैं, वह क्षेत्र आज से 09 वर्ष पूर्व भारत का सबसे डरावना क्षेत्र था। इस क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के जघन्य अपराध घटित होते थे। शाम को प्रायः आवागमन बन्द हो जाता था। लोगों का जीवन सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक सीमित था। आज यहाँ जेवर में भारत का सबसे बड़ा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट ‘नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट’ लोगों की सेवा में समर्पित है, जिसका उद्घाटन फरवरी माह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ था। इस एयरपोर्ट में कार्गो की सुविधा है तथा सरकार वहाँ एम0आर0ओ0 की सुविधा भी देने जा रही है। यह पहला एयरपोर्ट होगा, जहां एम0आर0ओ0 की सुविधा होगी। आगामी 15 जून से घरेलू सेवाएँ प्रारम्भ होने जा रही हैं। इसके उपरान्त जल्द ही अन्तरराष्ट्रीय सेवाएँ भी प्रारम्भ हो जाएंगी।
विगत दिनों प्रधानमंत्री जी ने यीडा क्षेत्र में उत्तर भारत की सबसे बड़ी सेमीकण्डक्टर चिप बनाने वाली यूनिट की आधारशिला रखी है। सबसे बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विकास के कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एम0एस0एम0ई0 पार्क, हैण्डीक्राफ्ट पार्क, डेटा सेण्टर पार्क आदि के विकास कार्य को आगे बढ़ा रही है। यह सभी कार्य सरकार की साफ नीयत से ही सम्भव हो पाए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व, प्रदेश में सत्ता के समानान्तर माफिया का साम्राज्य था। प्रत्येक जनपद में भय व दहशत का माहौल रहता था। बेटी व व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान सायं 6ः00 बजे से पूर्व बन्द करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। सड़कों की स्थिति बहुत खराब थी। प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी नहीं थी। प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ का बोलबाला था। सरकार के स्तर पर स्पष्ट नीति व साफ नीयत का अभाव था। प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए समुचित लैण्ड बैंक नहीं था।
उत्तर प्रदेश आज रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में है। एक्सप्रेस-वे का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश के पास है। प्रदेश के पास 04 लाख किलोमीटर का रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर है। प्रत्येक इण्टरस्टेट व डिस्ट्रिक्ट कनेक्टिविटी 4-लेन से जुड़ी है। प्रत्येक तहसील व ब्लॉक मुख्यालय 4-लेन व 2-लेन सड़कों से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में देश की सबसे अच्छी एयर कनेक्टिविटी है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में 02 एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि आज 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिसमें से 05 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट हैं। 06 एयरपोर्ट पर कार्य गतिमान है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 16 हजार किलोमीटर का रेल नेटवर्क है। ईस्टर्न एवं वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन उत्तर प्रदेश में है। व्यापार के लिए रोड व फ्रेट कॉरिडोर की कनेक्टिविटी तथा एयर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है। नोएडा लॉजिस्टिक्स का हब बनने जा रहा है। आज प्रदेश के पास देश की पहली रैपिड रेल है। देश का पहला इनलैण्ड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच संचालित है। आज प्रदेश ने इन्फ्रास्ट्रक्चर व कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लम्बी छलांग लगायी है। यह डबल इंजन सरकार व प्रधानमंत्री जी के विजनरी नेतृत्व के कारण सम्भव हुआ है। आज प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है तथा लगातार इसका विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुण्डा, दंगा, अराजकता व कर्फ्यू से मुक्त है। प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा की गारण्टी है। आज प्रदेश में प्रत्येक निवेशक का स्वागत होता है। अब उसे मात्र निवेशक नहीं माना जाता, बल्कि वह सरकार का पार्टनर बनकर प्रदेश के विकास का सहभागी बनता है। प्रदेश में निवेश करने वाला प्रत्येक निवेशक प्रदेश के विकास का सहयात्री है। वह निवेश करने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराता है। वह यहाँ के युवाओं को स्किलफुल बनाता है। आज प्रदेश में 34 सेक्टोरल पॉलिसीज़ हैं। प्रदेश के पास एफ0डी0आई0 एवं फॉर्च्यून 500 कम्पनियों के निवेश हेतु प्रोत्साहन नीति-2023 क्रियाशील है। प्रदेश सरकार यमुना एक्सप्रेस-वे इण्डस्ट्रियल अथॉरिटी के पास 25 हजार हेक्टेयर का एक बड़ा लैण्ड बैंक विकसित करने जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बीडा को नये इण्डस्ट्रियल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहाँ 56 हजार एकड़ भूमि की व्यवस्था की जा रही है। झाँसी व कानपुर के बीच में रोड, रेल व एयर कनेक्टिविटी की सुविधा का विकास किया जा रहा है। अब हमें बदले हुए परिवेश में एन0सी0आर0 के बाहर भी देखना चाहिए। आज प्रदेश में टूरिज्म के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएँ हैं। विगत वर्ष 156 करोड़ पर्यटक प्रदेश में आए। पूर्व में उत्तर प्रदेश के बीमारू होने का कारण यहाँ की बीमार राजनीतिक मानसिकता थी। उत्तर प्रदेश अनलिमिटेड पोटेंशियल का राज्य था। स्वस्थ मानसिकता वाली डबल इंजन सरकार आने के उपरान्त आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से उभरकर देश की अर्थव्यवस्था का ‘ब्रेक-थ्रू’ बन चुका है। प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश आज उत्तर प्रदेश में आ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि निवेशकों को आज उपलब्ध कराया गया भूमि आवंटन पत्र भूमि का आवंटन मात्र नहीं है। यीडा की यह भूमि निवेश की सबसे ऊर्वरा भूमि है। यहाँ की सम्भावनाओं को वही समझ सकता है, जो वहाँ जाकर स्वयं देखेगा। यही सम्भावना निवेशकों को सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगी। आज से 09 वर्ष पूर्व निवेशक गोरखपुर में निवेश को गम्भीरता से नहीं लेते थे, जबकि विगत 05 वर्षां में गोरखपुर में इतना निवेश हुआ है, जिससे वहाँ के 50 हजार युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज देवरिया में पेपर मिल संचालित है। निवेशक भयमुक्त वातावरण में निवेश कर रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी, लैण्ड बैंक व अन्य प्रकार की सुविधाएँ निवेशकों के लिए उपलब्ध हैं। निवेशक यदि एन0सी0आर0 से बाहर जाकर निवेश करेंगे, तो उन्हें विस्तृत उत्तर प्रदेश देखने का अवसर प्राप्त होगा। स्थानीय स्तर पर उन्हें अच्छी मैनपावर उपलब्ध होगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त होने से टाउनशिप की समस्या का समाधान भी होगा। निवेशकों को अच्छी संख्या में महिलाओं को रोजगार देने का अवसर प्राप्त होगा। वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में महिला श्रमबल 10 से 12 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 36 से 37 प्रतिशत हो गया है। आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में अभियान आगे बढ़ा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज निर्गत किए गए अलॉटमेण्ट लेटर्स के माध्यम से प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से 15,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसमें रिन्युएबल एनर्जी, बैटरी मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक एण्ड इलेक्ट्रिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग, आई0टी0 एण्ड डेटा प्रोसेसिंग, एपैरल और एम0एस0एम0ई0, एडवान्स्ड इण्डस्ट्रियल कम्पोनेण्ट के क्षेत्र में यह निवेश को नयी गति प्रदान करेगा। सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई सुविधाओं और प्लेटफॉर्म से निवेश की गति को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है, यही गति प्रदेश की प्रगति का आधार होती है। उत्तर प्रदेश इस गति को प्रदान करने के लिए तैयार है। यहाँ के नौजवानों के लिए आज एक बेहतरीन अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सी0ई0एस0सी0 ग्रीन पावर लिमिटेड द्वारा लगभग 3,805 करोड़ रुपये के निवेश से यीडा में सोलर सेल एवं सोलर पावर प्लाण्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। इससे लगभग 5,000 रोजगार सृजन होगा। इण्टीग्रेटेड बैटरीज इण्डिया प्राइवेट लिमिटेड 1,146 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 04 गीगावॉट क्षमता की एडवान्स्ड बैटरी सेल मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आई0टी0/आई0टी0ई0एस0 एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टरों की अनेक अग्रणी कम्पनियाँ यहाँ निवेश कर रही हैं। एस0ए0ई0एल0 सोलर पी-6 प्राइवेट लिमिटेड लगभग 8,000 करोड़ रुपये के निवेश से सोलर मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित कर रही है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड द्वारा लगभग 4,500 करोड़ रुपये के निवेश से ट्रैक्टर एवं निर्माण उपकरण मैन्युफैक्चरिंग प्लाण्ट स्थापित किया जा रहा है। इसके माध्यम से 4,000 रोजगार का सृजन होगा। यह सभी कार्य उत्तर प्रदेश सहित देश के नौजवानों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। यह तभी सम्भव हो पाया है, जब यीडा द्वारा एक विजन एवं प्लान के साथ फास्ट ट्रैक इम्प्लीमेण्टेशन का अभियान चलाया गया।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने इण्टीग्रेटेड बैटरीज इण्डिया प्रा0लि0, सी0ई0एस0सी0 ग्रीन पावर लि0, वेगा इण्डस्ट्रीज प्रा0लि0, साहू इण्टरनेशनल अटायर प्रा0लि0, क्वार्क्स टेक्नोसॉफ्ट प्रा0लि0, अमेडियस इण्डिया प्रा0लि0, वर्चुअल इम्प्लॉयी प्रा0लि0, समरकूल होम अप्लायन्सेज लि0, ऋद्धि सिद्धि पेपर्स, जे0एम0वी0 एल0पी0एस0 लि0, आर्सेनल इन्फोसॉल्यूशन्स प्रा0लि0, साईनाथ सेल्स एण्ड सर्विसेज प्रा0लि0, माँ पेट प्रा0लि0, एजिलिटी इलेक्ट्रोटेक्निक्स प्रा0लि0, एन0डी0एस0बी0 इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा0लि0, मेसर्स एडवांस पैनल्स एण्ड स्विचगियर्स प्रा0लि0 तथा अल्फा कम्युनिकेशन एल0एल0पी0 कम्पनियों को भूमि आवंटन पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम को औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने भी सम्बोधित किया। निवेशकों ने अपने अनुभव व भविष्य की कार्ययोजनाएँ साझा कीं।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री आलोक कुमार, प्रमुख सचिव आई0टी0 एवं इलेक्ट्रॉनिक्स श्री आलोक कुमार, सलाहकार मुख्यमंत्री श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know