मुख्यमंत्री ने जनपद देवरिया में 655 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
 
विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाभी, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल आदि प्रदान की

नये भारत के दर्शन के पीछे प्रधानमंत्री जी का नेतृत्व और उनका विजन, जो विकास को प्राथमिकता देता : मुख्यमंत्री

04-लेन सड़क निर्माण से गोरखपुर व देवरिया की बीच की दूरी और लगने वाला समय कम हुआ, बलिया तक इस मार्ग का विस्तार किया जा रहा

देवरिया में बाईपास का निर्माण किया जा रहा, यह 04-लेन कनेक्टिविटी केवल देवरिया से कसया तक ही नहीं, नार्थ-साउथ कनेक्टिविटी का भी हिस्सा

देवरिया में पूज्य महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूर्ण, यह अच्छी ओ0पी0डी0 के साथ संचालित हो रहा

देवरिया का आई0टी0आई0 स्किल डेवलपमेण्ट का केन्द्र बनेगा, यहां युवाओं की स्किलिंग होगी तथा उन्हें उद्योग-धन्धों में रोजगार प्राप्त होगा

‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाएँ नये उ0प्र0 की पहचान

जनपद कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय अन्नदाता किसानों को तकनीक के साथ जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने तथा चेहरे पर खुशहाली लाने का एक अभिनव प्रयास

पश्चिम एशिया में संघर्ष एवं तनाव के कारण बिटुमिन की आपूर्ति प्रभावित होने के दृष्टिगत सरकार ने गाँव में सड़क कनेक्टिविटी के लिए इण्टरलॉकिंग या सी0सी0 मार्ग के निर्माण के निर्देश दिए

लखनऊ : 22 मई, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि देवरिया देवरहा बाबा की तपोभूमि तथा स्वाधीनता आन्दोलन के प्रखर सन्त बाबा राघवदास की कर्मभूमि के रूप में विख्यात है। वर्ष 2014 के उपरान्त आज हम जिस नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, उसके पीछे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नेतृत्व और उनका वह विजन है, जो विकास को प्राथमिकता देता है। प्रधानमंत्री जी के विजन को ध्यान में रखते हुए डबल इंजन सरकार ने सदैव यह माना है कि विकास की गति जितनी तेज होगी, विकास का लाभ आमजन को उतनी ही तेजी से मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद देवरिया में 655 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाभी, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल आदि प्रदान की। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन एवं महिलाओं की गोदभराई की। कार्यक्रम के दौरान देवरिया की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व किसी ने यहाँ 04-लेन की सड़कां के बारे में नहीं सोचा था। गोरखपुर से देवरिया की सड़क कहीं 02-लेन व कहीं सिंगल लेन थी, जिसके कारण ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी। आज 04-लेन सड़क निर्माण से गोरखपुर व देवरिया की बीच की दूरी और लगने वाला समय कम हो गया है। बलिया तक इस मार्ग का विस्तार किया जा रहा है। विकास की गति अब रुकने वाली नहीं है। अच्छे इन्फ्रास्ट्रक्चर के बिना विकास तथा विकास के बिना रोजगार सृजन सम्भव नहीं है। विकास की गति तेज करने और रोजगार की सम्भावनाआें को बढ़ाने के लिए अच्छे इन्फ्रास्ट्रक्चर, अच्छी सड़कों और बेहतर कनेक्टिविटी का होना आवश्यक है। इसके दृष्टिगत जनप्रतिनिधियों के विकास सम्बन्धी प्रस्तावों पर सरकार ने धनराशि जारी की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज 655 करोड़ रुपये से अधिक लागत की इन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास एक शुरुआत है। देवरिया में बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। यह 04-लेन कनेक्टिविटी केवल देवरिया से कसया तक की नहीं है, यह नॉर्थ-साउथ कनेक्टिविटी का भी हिस्सा है। पड़रौना से कसया, कसया से देवरिया तथा देवरिया से मऊ तक इसका विस्तार किया जाएगा। फिर इसे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़कर वाराणसी व लखनऊ से जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार यह सड़क गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक जाने वाले 06-लेन एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगी। इससे देवरिया वासियों की सिलीगुड़ी तक की यात्रा सुगम होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अच्छी सड़कें हमारी गति बढ़ाती हैं। यही गति प्रगति का आधार बनती है। आज से 09 वर्ष पूर्व देवरिया में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बारे में कोई नहीं सोचता था। आज देवरिया में पूज्य महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर सरकारी मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जो अच्छी ओ0पी0डी0 के साथ संचालित हो रहा है। इसमें अभी कई निर्माण कार्य होने जा रहे हैं। नये जिला अस्पताल का निर्माण प्रक्रियाधीन है। सम्बन्धित अधिकारियों को जल्द से जल्द भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गये हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। सरकार समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दे रही है। देवरिया में आई0टी0आई0 का निर्माण हो रहा है, जो स्किल डेवलपमेण्ट का केन्द्र बनेगा। यहाँ युवाओं की स्किलिंग होगी तथा उन्हें उद्योग-धन्धों में रोजगार प्राप्त होगा। उन्हें देश व विदेश में कार्य करने के अवसर उपलब्ध होंगे। यह आज की आवश्यकता है। जब हमारे पास अच्छा व ट्रेण्ड मैनपावर होगा, तो उसके लिए कार्य की कमी नहीं होगी। इससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में एक जनपद एक माफिया होता था। पर्व से पूर्व उपद्रव होते थे। गरीबों की भूमि पर कब्जा होता था। गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। युवाओं को नौकरी तथा अन्नदाता किसान को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। बेटी व व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ तथा ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाएँ नये उत्तर प्रदेश की पहचान हैं। आज बेटी तथा व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश की बेटियाँ नाइट शिफ्ट में भी उद्योगों में कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब हमारा अन्नदाता किसान पलायन नहीं कर रहा है। गन्ना किसानों को 400 रुपये प्रति कुन्तल की दर से गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है। किसानों को उपज का उचित दाम तथा शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पात्रों को बिना भेदभाव प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रदेश सरकार ने शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय बनकर तैयार हो रहा है। नए सत्र में कृषि विश्वविद्यालय को संचालित करने की तैयारी की जाए। यह कृषि विश्वविद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि अन्नदाता किसानों को तकनीक के साथ जोड़कर उत्पादन लागत को कम करते हुए उत्पादन बढ़ाकर, किसान की आमदनी बढ़ाने तथा प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप उनके चेहरे पर खुशहाली लाने का एक अभिनव प्रयास है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देवरिया की विकास परियोजनाआें में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। सरकार ने सलेमपुर, तमकुही, बरहज, रुद्रपुर, पथरदेवा, देवरिया और रामपुर कारखाना विधानसभा की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। बरहज का मार्ग पहले बहुत खराब था। सरकार ने इसके निर्माण के साथ अन्य विकास  परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। डबल इंजन सरकार प्रत्येक चेहरे पर खुशहाली लाने व युवाओं को रोजगार देने का कार्य कर रही है। सरकार अन्नदाता किसानों के लिए योजनाओं तथा महिला स्वावलम्बन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के युद्ध के कारण तेल और गैस की आपूर्ति में बाधा आयी है। संघर्ष एवं तनाव के कारण बिटुमिन की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसके दृष्टिगत सरकार की ओर से निर्देश दिए गये हैं कि जहाँ गाँव की सड़क की कनेक्टिविटी हो, वहाँ इण्टरलॉकिंग या सी0सी0 मार्ग का निर्माण कराया जाए। जहाँ हाईवे का भी निर्माण होना है, वहाँ पर भी सी0सी0 मार्ग का निर्माण कराया जाए। सी0सी0 मार्ग में मटेरियल की क्वालिटी का ध्यान दिया जाए। बिटुमिन से निर्मित सड़क की सामान्य रूप से पाँच से सात वर्ष में मरम्मत की आवश्यकता होती है। जब सी0सी0 मार्ग बनेगा, तो लागत एक बार बढ़ेगी, लेकिन 50 साल के लिए इस मरम्मत की समस्या का समाधान भी करेगी। हमें विकास के इसी मॉडल को अपनाना पड़ेगा। इससे प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन, विरासत और विकास का अभिनव प्रयास एक साथ आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर का निर्माण हो गया है। यह आपके वोट की ताकत है। जब अच्छी सरकार आती है, तो अच्छा कार्य करती है। यह पूर्वजों के उद्धार का कारण बनता है। पूर्वजों की आत्मा को इससे असीम शान्ति मिल रही होगी और आपको भी आशीर्वाद मिल रहा होगा। आपके वोट ने वह करके दिखाया जो दुनिया के अन्दर कहीं नहीं हुआ। ऐसा ही अयोध्या, काशी, मथुरा-वृन्दावन, नैमिषारण्य, माँ विन्ध्यवासनी धाम, प्रयागराज तथा कुशीनगर में भी देखने को मिल रहा है। देश और दुनिया में कोई ऐसा हिन्दू नहीं होगा, जो अयोध्या में भगवान श्रीराम मन्दिर को देखकर अभिभूत न होता हो। विरासत और विकास का यह अद्भुत संगम आज उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण तथा बाबा विश्वनाथ से हमारी पहचान बनी है। इन सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद हमें प्राप्त हो रहा है। आज उत्तर प्रदेश का निवासी जब बाहर जाता है और उत्तर प्रदेश की अपनी पहचान बताता है, तो सामने वाले के चेहरे पर चमक आ जाती है। यह प्रदेश की नई पहचान है। जाति के नाम पर विभाजित करने, समाज को तोड़ने तथा तुष्टीकरण की नीति से देश के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों ने प्रदेश के समक्ष पहचान का संकट खड़ा किया था। उन्होंने विकास को बाधित किया तथा आम जनता का शोषण किया। आज प्रदेश में गुण्डों और माफियाओं का राज नहीं चलता।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही एवं सांसद श्री शशांक मणि ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने