पत्रकार को जान से मारने की धमकी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप



जलालपुर, अंबेडकरनगर।

क्षेत्र के एक पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसे और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, लेकिन स्थानीय थाना स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

पीड़ित संदीप कुमार, निवासी ग्राम व पोस्ट अरई, कोतवाली जलालपुर, ने बताया कि गांव के कुछ दबंग और प्रभावशाली लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि ये लोग घर पर आकर गाली-गलौज करते हैं, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

पीड़ित के अनुसार 23 मार्च 2026 को आरोपियों ने घर पर चढ़कर मारपीट और धमकी दी थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को भी सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज और धमकी देने की घटना हुई, जिसका वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया गया है।

आरोप है कि 1 मई 2026 को थाने बुलाकर समझौते का दबाव बनाया गया, जबकि आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, उचित कार्रवाई की जाएगी।

      Author 

जीवन 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने