बलरामपुर- एम. एल. के. पी.जी. कॉलेज में विद्यार्थियों के रोजगारोन्मुख मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट गतिविधियों के अंतर्गत ICICI Bank के एसआरएम (Sales Relationship Manager) पद हेतु काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ बसंत कुमार तथा NIIT से पधारे आशुतोष शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों, एसआरएम पद की कार्यप्रणाली, चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को आधुनिक बैंकिंग प्रणाली, ग्राहक सेवा, संचार कौशल तथा डिजिटल बैंकिंग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर डॉ बसंत कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है तथा ऐसे काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।
वहीं आशुतोष शुक्ला ने विद्यार्थियों को चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें कौशल विकास एवं संचार क्षमता को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर अपने प्रश्न पूछे तथा बैंकिंग करियर के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know