अम्बेडकर नगर। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की 81 दिवसीय गविष्ठि यात्रा के मंगलवार को 17 दिन सफलतापूर्वक पूरे हो गए। 3 मई को गोरखपुर से प्रारंभ यह यात्रा अब तक पूर्वांचल के 13 जिलों व 75 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से गुजर चुकी है। मंगलवार को यात्रा अम्बेडकर नगर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए जलालपुर पहुंची, जहाँ पूर्व विधायक सुभाष राय व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया।
वैध और अवैध स्लॉटरहाउस के सवाल पर उस समय माहौल गरमा गया, जब स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मंच से तीखी प्रतिक्रिया दी। वैध स्लॉटरहाउस की अवधारणा पर ही सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि “गाय हमारी माता है, इसलिए गाय काटने का कोई वैध लाइसेंस हो ही नहीं सकता। वैध लाइसेंस क्या होता है? वैध लाइसेंस देकर गाय काटोगे, तुम्हारी इतनी हिम्मत है? तुम्हारी यही सोच है…”। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “गाय को जो मारेगा, वह हमारा दुश्मन होगा। गाय को मारने और काटने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।” उनके इस बयान के दौरान सभा स्थल पर मौजूद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और “करे जो गौ हत्या पर चोट, हम ना देंगे उसको वोट” जैसे नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम में गौ संरक्षण, धार्मिक आस्था और सामाजिक चेतना को लेकर कई बातें कही गईं। इस अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने जयप्रकाश यादव को जलालपुर का प्रतिनिधि नियुक्त किया। यात्रा के प्रदेश प्रभारी संजय शेखर मिश्र, अवध अंचल प्रभारी राकेश तिवारी, अभिषेक सिंह, बृजेश सिंह यादव, आलोक सिंह यादव, राजित राम यादव समेत बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने