कर्नलगंज में तेज रफ्तार का कहर: बाईक की टक्कर से साइकिल सवार दंपत्ति गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर


गोण्डा। जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें साइकिल सवार दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पचमरी निवासी हरिशंकर (38) पुत्र छोटेलाल अपनी पत्नी प्रीती (35) के साथ दवा लेने बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे मसौलिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार सनीद्योल पुत्र चंदर निवासी ढेमा ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में हरिशंकर को हाथ, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी प्रीती के सिर में गंभीर चोट के साथ हाथ-पैर में भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार के कारण संतुलन खो बैठा,जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद बाइक सवार सनीद्योल भी गिरकर घायल हो गया। उसके हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं, जिसका इलाज सीएचसी कर्नलगंज में चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मसौलिया मोड़ पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते अक्सर हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है,जिससे लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने