अम्बेडकर नगर। जलालपुर–अकबरपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा नीम का विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में आकर एक इलेक्ट्रिक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कबाड़ में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि रोज की तरह पेड़ की छांव में लोग मौजूद नहीं थे, वरना जनहानि तय मानी जा रही थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पास में बन रहे नाले की अनियमित खुदाई के कारण पेड़ कई दिनों से झुक रहा था। इस संबंध में नगर पालिका को पहले ही सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन शुक्रवार को पेड़ अचानक गिर पड़ा। लोगों ने बताया कि पास के विद्यालय में छुट्टी के समय अभिभावक अक्सर इसी पेड़ के नीचे बच्चों का इंतजार करते हैं। संयोग से यह घटना छुट्टी से कुछ पहले हो गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और कई जानें जोखिम में पड़ जातीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी सड़क पर लटक गए हैं, जिससे राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों में यह भी चर्चा है कि नाले के निर्माण को कथित रूप से एक खास दिशा में मोड़कर पेड़ की जड़ों को कमजोर किया गया, जिससे यह हादसा हुआ। मामले पर वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार ने कहा कि प्रकरण संज्ञान में है और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं विद्युत विभाग के जेई अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने