महराजगंज: सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, प्रशासन से लगाई गुहार

महराजगंज (उत्तर प्रदेश)। फरेंदा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सोहरवलिया कला (टोला दर्जीचक) के ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने खराब सड़क और जल निकासी के लिए नाली के अभाव को गंभीर समस्या बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, टोला दर्जीचक (पंडितपुर) को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह सड़क करीब 4-5 वर्ष पहले आरसीसी के रूप में बनाई गई थी, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो गई है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता भी कच्चा है, जो बरसात के समय जलभराव के कारण पूरी तरह बाधित हो जाता है। ऐसे में लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और जरूरी कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी उनके टोले में जल निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। बरसात के दौरान गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है, जिससे विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए तथा जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने