बलरामपुर- जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह संतोषजनक, सुचारू एवं सामान्य बनी हुई है। 
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि जनपद में कहीं भी डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं है। *जनपद में डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता दैनिक आवश्यकता से कहीं अधिक है।*
​आज दिनांक 01 अप्रैल को जनपद से सभी 88 पेट्रोल पम्प पर उपलब्ध स्टॉक का विवरण निम्नवत है :
*पेट्रोल का कुल स्टॉक दिनांक 31 मार्च को 467960 लीटर था, जबकि आज यह 504081 लीटर है।*
*डीजल का कुल स्टॉक दिनांक 31 मार्च को 530970 लीटर था, जबकि आज यह 613104 लीटर है।*
​प्रशासनिक सक्रियता के चलते स्टॉक की स्थिति पिछले दिनों की तुलना में और बेहतर हुई है, जो नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त है।
*​खपत का तुलनात्मक विवरण*
पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल एवं डीजल की खपत में जो अप्रत्याशित उछाल आया, वह केवल भ्रामक सूचनाओं के कारण उत्पन्न ‘पैनिक बाइंग’ का दुष्परिणाम था। जहाँ 22 मार्च तक जनपद में पेट्रोल की औसत दैनिक खपत 91,180 लीटर और डीजल की 1,40,400 लीटर थी, वहीं 25 मार्च से इसमें ढाई से तीन गुना तक की वृद्धि दर्ज की गई थी। अफवाहों के कारण ‘पैनिक बाइंग’ की स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे खपत में अचानक उछाल देखा गया, किन्तु वह अस्थायी सिद्ध हुआ।
*​मांग में गिरावट एवं स्थिरता*
जिले में स्थित पेट्रोल पंपों पर अब पहले की अपेक्षा अधिक डीजल-पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद इसकी खपत में सकारात्मक कमी आई उदाहरण के लिए 29 मार्च को पेट्रोल की कुल खपत 122260 लीटर थी, जो 30 मार्च को 99580 हुई और 31 मार्च को घटकर मात्र 72399 लीटर रह गई। इसी प्रकार डीजल की कुल खपत 29 मार्च को 254665 लीटर थी, जो 30 मार्च को 217220 हुई और 31 मार्च को घटकर मात्र 158611 लीटर रह गई।
​29, 30 और 31 मार्च के आंकड़ों पर गौर करें तो मांग में आई सकारात्मक गिरावट इस बात का प्रमाण है कि अब डीजल-पेट्रोल की मांग सामान्य स्तर की ओर बढ़ रही है। पेट्रोलियम उत्पादों की निरंतर उपलब्धता, प्रशासन की सतत निगरानी और जनसामान्य के मन में उपजे विश्वास के कारण आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ है।
*​प्रशासनिक निगरानी एवं व्यवस्था*
जिला प्रशासन तेल कंपनियों के साथ चौबीसों घंटे समन्वय बनाकर आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी कर रहा है। बढ़ी हुई मांग को देखते हुए अतिरिक्त ईंधन की खेप निरंतर मंगवाई जा रही है ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा न हो। अधिकारियों की गठित टीमें फील्ड में निरंतर सक्रिय हैं।
*​जनसामान्य से विशेष अपील*
जिला प्रशासन सभी नागरिकों से विनम्र अपील करता है कि भ्रामक खबरों से बचें; और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी अपुष्ट खबर पर विश्वास न करें।
*​अनावश्यक भंडारण न करके सामान्य खरीदारी करें* – डीजल एवं पेट्रोल का स्टॉक करना न केवल असुरक्षित है, बल्कि यह कृत्रिम मांग पैदा कर दूसरों के लिए असुविधा उत्पन्न करता है। अतः अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल/डीजल खरीदें।
​जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन हर नागरिक को सुगमता से पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।

              हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने