न बिजली, न बिल—फिर भी करंट का झटका! ₹1.67 लाख की आरसी से हड़कंप


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। विद्युत वितरण खंड जलालपुर क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रुकुनपुर कासिमपुर निवासी राम नरायन पुत्र स्वर्गीय पोकई ने आरोप लगाया है कि बिना कभी बिजली कनेक्शन लिए ही उनके नाम ₹1 लाख 67 हजार की आरसी जारी कर दी गई।


पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने जीवन में कभी बिजली कनेक्शन नहीं लिया, इसके बावजूद उप विद्युत केंद्र कर्बला द्वारा उन्हें बकायेदार दिखाकर भारी-भरकम आरसी थमा दी गई। यह मामला न सिर्फ विभागीय लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि संभावित फर्जीवाड़े की आशंका भी पैदा करता है।


राम नरायन का कहना है कि वह कई दिनों से विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। आरोप है कि इस उदासीन रवैये के चलते उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित होना पड़ रहा है।




पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 12 दिसंबर 2025 को अधिशासी अभियंता को संबोधित एक शिकायती पत्र भी दिया था, जिस पर स्थानीय जेई को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ने कहा कि जेई अरविंद सिंह ने उनका फोन नंबर लेकर उसे कथित तौर पर किसी विद्युत कनेक्शन से जोड़ने का प्रयास किया, ताकि विभाग द्वारा जारी आरसी को सही ठहराया जा सके और विद्युत कनेक्शन होने की रिपोर्ट लगा दी । हालांकि, इस संबंध में जेई अरविंद कुमार ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए मामले की जानकारी से ही अनभिज्ञता जताई और पीड़ित को दोबारा कार्यालय आने को कहा।


पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी आरसी को तत्काल निरस्त किया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


 इस संबंध में उपखंड अधिकारी मुकेश कुमार ने मामले से पल्ला झाड़ते हुए पीड़ित से ही जानकारी लेने की बात कही। उन्होंने कनेक्शन को पुराना बताते हुए कहा कि कनेक्शन होगा तभी आरसी कटी होगी।


      Author

Jeevan_Prakash




   

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने